Type Here to Get Search Results !

भदोही: विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

 भदोही। कोतवाली क्षेत्र के मूसी लाटपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, मूसी लाटपुर निवासी सुरेंद्र गौतम की 28 वर्षीय पत्नी कंचन गौतम का शव सुबह करीब 10 बजे घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर डायल-112, स्थानीय कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जाता है कि कंचन गौतम की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व सुरेंद्र गौतम से हुई थी। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय पुत्र दीवान तथा तीन वर्ष और एक वर्ष की दो बेटियां शामिल हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका के पति सुरेंद्र गौतम का कहना है कि घटना से पहले घर में किसी प्रकार का कोई विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। उनके अनुसार वह पानी पीने के लिए बगल में गए थे और बेटा मोबाइल देख रहा था, तभी कंचन ने यह कदम उठा लिया।वहीं, मृतका के भाई संतोष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि कंचन को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। कोतवाली प्रभारी शैलेष कुमार राय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes