Type Here to Get Search Results !

कजियाना वार्ड में सीवर और पेयजल लाइन का कार्य शुरू, पांच दशक पुरानी समस्या का समाधान

कजियाना वार्ड को जलजमाव और गंदे पानी की समस्या से मिलेगी राहत, पालिका ने शुरू किया बहुप्रतीक्षित कार्य

            सम्वाददाता फारूक जाफरी की रिपोर्ट 

प्रदूषित पेयजलापूर्ति और जलनिकासी की पुरानी समस्याओं से जूझ रहे शहर के कजियाना वार्ड के निवासियों के लिए राहत की खबर है। वर्षों से सीवर जाम और गंदे पानी की आपूर्ति की मार झेल रहे लोगों के लिए अब उम्मीद की किरण नजर आई है। नगरपालिका द्वारा सीवर लाइन और पेयजल पाइप लाइन विस्तार के कार्यों की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।



शुभारंभ हुआ कार्य का

सोमवार को पालिका प्रतिनिधि अतहर अंसारी ने नारियल फोड़कर और फावड़ा चलाकर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि वार्ड सभासद द्वारा प्रस्तावित इस योजना को काफी पहले पालिका बोर्ड की स्वीकृति मिल चुकी थी। प्रथम चरण में तकिया कल्लन शाह मस्जिद के सामने वाली गली से सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। इसके बाद पेयजल पाइप लाइन का विस्तार और फिर सड़क की इंटरलॉकिंग की जाएगी।



लगभग 47 लाख की योजना

इस पूरी योजना पर लगभग 47 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पहले चरण के तहत सीवर लाइन और इंटरलॉकिंग कार्य के लिए करीब 40 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। ईओ धर्मराज सिंह के अनुसार, मेन रोड से अब्दुल वहाब चरमपोश बाबा मजार होते हुए शमशुद्दीन अंसारी के मकान तक भूमिगत नाला व इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, कजियाना मस्जिद से मरहूम इम्तियाज खान के मकान तक भी कार्य किया जाएगा।


पेयजल लाइन विस्तार के लिए सर्वे शुरू

शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाइप लाइन विस्तार का सर्वे भी अवर अभियंता (जल) के नेतृत्व में शुरू हो चुका है।


स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

पालिका की इस पहल का लोगों ने स्वागत किया और इसे "देर आए दुरुस्त आए" की संज्ञा दी। इस अवसर पर जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज परवेज अच्छे, हाजी शमशुद्दीन अंसारी, शफीक राइन, शमशाद करीमी, काजी शाहिद, जावेद कुरैशी, वसीमुल्लाह खान, आरिफ खान, आलम सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

समस्या की जड़ में पुरानी व्यवस्था

करीब पांच दशक पहले बिछाई गई सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन आज के समय में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। नतीजतन, सामान्य दिनों में भी गलियों में जलजमाव रहता है और सीवर जाम होने पर टोंटियों से गंदा पानी निकलने लगता है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes