भदोही महोत्सव सोसायटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भदोही महोत्सव 2025
का शानदार आगाज हुआ। योग, मैराथन, क्रिकेट और हॉकी के संगम ने इस महोत्सव को बनाया खास। तो चलिए, आपको ले चलते हैं इस उत्सव की चमक-दमक के बीच!
महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में योग के साथ हुई। योग शिक्षक संदेश योगी और दक्षिण भारत से आए योग विशेषज्ञों ने सैकड़ों लोगों को योगाभ्यास कराया। सुबह की ताजगी में योग ने हर किसी का मन मोह लिया।
इसके बाद, जिलाधिकारी विशाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। नेशनल कॉलेज से शुरू होकर गोपीगंज तक चली इस 21 किलोमीटर की दौड़ में अजय बिंद ने 1 घंटे 6 मिनट 42 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। मोताचरण बिंद दूसरे और आकाश पटेल तीसरे स्थान पर रहे। पुलिस अधीक्षक ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।
लेकिन दोस्तों, ये तो बस शुरुआत थी! खेलों का जोश भी इस महोत्सव में चार चांद लगा रहा है। ज्ञानपुर के GIC कॉलेज में अपर जिलाधिकारी कुँवर विरेंद्र मौर्या ने क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पहले ही मैच में भदोही स्टेडियम ने आसमा क्रिकेट एकेडमी को 53 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भदोही स्टेडियम ने 20 ओवर में 213 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जबकि आसमा एकेडमी 160 रन ही बना सकी।
वहीं, जिला स्टेडियम मूसीलाटपुर में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम जायसवाल ने महिला क्रिकेट और हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। महिला क्रिकेट में बनारस महिला टीम ने भदोही महिला टीम को 6 ओवर में ही 53 रनों का लक्ष्य चेज कर शानदार जीत दर्ज की। कल 12 अप्रैल को प्रयागराज और मिर्जापुर की महिला टीमें आमने-सामने होंगी।
इस महोत्सव में भदोही के लोग खेल और योग के रंग में डूबे हुए हैं। भदोही महोत्सव के अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, डॉक्टर एके गुप्ता, डॉक्टर मकसूद आलम, जाबिर बाबू और विकास यादव जैसे गणमान्य लोगों ने इस आयोजन को और भव्य बनाया।
ये महोत्सव न सिर्फ खेल और स्वास्थ्य का उत्सव है, बल्कि भदोही की संस्कृति और जोश को भी दर्शाता है। आने वाले दो दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।







