भदोही, उत्तर प्रदेश | न्यूज़टाइमअप डेस्क
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार को भदोही जिले के गोपीगंज क्षेत्र स्थित सुमेरुपट्टी अमवा गांव में एक निजी वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे।
समारोह में शामिल होने के साथ ही राजभर ने मीडिया से बातचीत में कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए वक्फ संशोधन बिल का खुलकर समर्थन किया और कहा कि यह बिल जरूरी था ताकि वक्फ संपत्तियों में पारदर्शिता लाई जा सके और अवैध कब्जों पर रोक लगाई जा सके।
राजभर ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि "जो लोग इस बिल का विरोध कर रहे हैं, वे सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। सरकार का काम देशहित में होना चाहिए, न कि वोटबैंक के लिए।"
वहीं, उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि "उनकी नीतियों से दंगाइयों का मनोबल बढ़ा है। जिस तरह से ममता सरकार ने हिंसा पर ढील दी है, वह लोकतंत्र के लिए खतरा है।"
राजभर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में यह भी दोहराया कि उनकी पार्टी गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।
ओम प्रकाश राजभर का यह बयान न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी चर्चा का विषय बन सकता है, खासतौर पर वक्फ संशोधन बिल और ममता बनर्जी पर दिए गए तीखे बयान को लेकर। अब देखना यह होगा कि विपक्षी दल इस पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।

