Type Here to Get Search Results !

स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता के लिए भदोही में निकाली गई साइकिल यात्रा “स्वास्थ्य अनमोल धन है” – अताउल अंसारी का संदेश

 

          सम्वाददाता  फारूक जाफरी की रिपोर्ट

भदोही। स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को भदोही साइकिलिंग क्लब के तत्वाधान में एक जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग के बड़े चौराहा से आरंभ होकर विभिन्न गांवों का भ्रमण करती हुई मेवड़ापुर इमाम चौक पर संपन्न हुई।

इस साइकिल यात्रा का नेतृत्व समाजसेवी अताउल अंसारी ने किया, जबकि बीरनई प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुस्ताक अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान अताउल अंसारी ने कहा, "आज का व्यक्ति जीवन की आपाधापी में अपने शरीर को समय नहीं दे पा रहा है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि कम उम्र में ही लोग बीपी, शुगर, मोटापा और जोड़ों के दर्द जैसी बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। अगर हम प्रतिदिन 30 मिनट योग, व्यायाम या खेलकूद को समय दें, तो न केवल हम स्वयं स्वस्थ रहेंगे, बल्कि समाज और देश को भी स्वस्थ बना सकेंगे।"

यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने "करो योग, रहो निरोग", "स्वस्थ रहे, मस्त रहे", "वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ", "हिंदुस्तान जिंदाबाद", "भारत माता की जय", और "हम सबने ये ठाना है, पूरे भदोही को स्वस्थ बनाना है" जैसे नारे लगाकर लोगों को प्रेरित किया।

यात्रा का रूट शहीद तिराहा, कांजी हाउस, पूरेटीका, जौहरपुर, लालापुर, पूरेगुलाब आदि क्षेत्रों से होकर गुजरा। रास्ते में लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया।

इस साइकिल यात्रा में प्रवीण टंडन, आफताब खान, सरफराज अहमद, कमलेश कश्यप, महमूद आलम, अबरार हाशमी, राजीव जायसवाल, प्रमोद मौर्या, फैज आलम, मैनू अली, कार्तिक, नक्श, जीत, लक्ष्य, अबू हुरैरा, अब्दुल गफ्फार, फिरोज अंसारी, जीशान अंसारी, मोहम्मद कलाम, रुजैना जरीन समेत अनेक प्रतिभागी शामिल हुए।

समापन कार्यक्रम में लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक प्रेरणादायक कदम बताया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जागरूक और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes