सम्वाददाता फारूक जाफरी
भदोही। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से शनिवार को मिर्जापुर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद एवं सामाजिक न्याय की सशक्त आवाज रहीं स्वर्गीय फूलन देवी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय फूलन देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने उनके जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि फूलन देवी ने समाज के गरीब, शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को बुलंद करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी नारी शक्ति, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय की प्रतीक थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की आवाज को संसद तक पहुंचाया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मिर्जापुर-भदोही लोकसभा क्षेत्र की जनता आज भी उन्हें सम्मान और आदर के साथ याद करती है।
कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने सामाजिक समानता, न्याय और कमजोर वर्गों के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उनके बताए आदर्शों पर चलने और समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।इस अवसर पर श्यामला सरोज, सरिता सरोज, सुरेश चंद साहू, अली शेर खान, गुलाब राइन, इमरान खान, कामिल अंसारी, फरीद खान, देवा जायसवाल, सोहन पाल, राज कुमार यादव, दीप नारायण भारती, हसनैन अंसारी एवं अशरफ अली सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव ने किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षों एवं आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।


