Type Here to Get Search Results !

KNU में छात्र प्रदर्शन के दौरान हंगामा, भाजपा नेता गोरेलाल पांडे की गाड़ी पर हमले का आरोप

भदोही/ज्ञानपुर। काशी नरेश विश्वविद्यालय (KNU) के छात्र-छात्राओं ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे महाविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कथित लाठीचार्ज और अभद्र व्यवहार के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान परिसर में 'इंकलाब जिंदाबाद', 'पेपर लीक बंद करो' और 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर लीक की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने, इसके लिए सख्त कानून बनाने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया और बिना नेम प्लेट वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।छात्रों ने केंद्र सरकार पर परीक्षाओं के सफल संचालन में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सुधार, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा कथित रूप से प्रभावित छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छात्र नेता मुलायम यादव ने कहा कि छात्रों के आंदोलन का असर पूरे देश में दिखाई दे रहा है और उनकी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के संघर्ष के चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया है और इसे छात्रों की जीत बताया।


इसी बीच प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता गोरेलाल पांडे अपनी गाड़ी से KNU के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और विरोध जताते हुए वाहन पर हमला कर दिया। घटना में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही वाहन पर लगा भाजपा का झंडा निकालकर फेंक दिए जाने का भी आरोप है।

घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और किसी मुकदमे की पुष्टि का इंतजार है।

प्रदर्शन में बडेलाल बिना, धीरज दुबे, मुलायम यादव, लव कुश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes