भदोही, 18 अगस्त। कालीन नगरी भदोही में एशिया के सबसे बड़े कालीन मेलों में शामिल 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो–2026 (गोल्डन जुबली संस्करण) की तैयारियां तेज हो गई हैं। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (CEPC) द्वारा वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इसका आयोजन 4 से 7 अक्टूबर 2026 तक कारपेट एक्सपो मार्ट, कारपेट सिटी भदोही में किया जाएगा।
गोल्डन जुबली वर्ष होने के कारण इस बार का एक्सपो कालीन उद्योग के लिए खास माना जा रहा है। मेले में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, एजेंटों, आर्किटेक्ट्स, डिजाइनरों और भारतीय कालीन निर्माताओं व निर्यातकों के एक मंच पर जुटने की उम्मीद है।
56 देशों से 400 विदेशी खरीदारों के पहुंचने की संभावना
CEPC के अनुसार, एक्सपो में करीब 56 देशों से 400 विदेशी खरीदार और लगभग 350 खरीदार प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। विदेशी खरीदारों की भागीदारी से खासकर छोटे और मध्यम निर्यातकों को अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदर्शित करने और नए व्यापारिक अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
मेले में भारत के प्रमुख कालीन क्लस्टरों के हाथ से बने कालीन और फ्लोर कवरिंग प्रदर्शित किए जाएंगे। खरीदारों को नए डिजाइन, रंग संयोजन, कारीगरी और उत्पादों की विविधता देखने के साथ सीधे भारतीय निर्माताओं और निर्यातकों से सोर्सिंग का अवसर मिलेगा।
BRICS देशों के खरीदारों पर भी फोकस
भारत की वर्ष 2026 में BRICS अध्यक्षता को देखते हुए CEPC की ओर से BRICS सदस्य देशों के खरीदारों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। ब्राजील, रूस, चीन, यूएई, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और सऊदी अरब समेत विभिन्न देशों के खरीदारों को भारतीय कालीन उद्योग से जोड़ने की पहल की जा रही है।


