Type Here to Get Search Results !

सांसद आदित्य यादव के सहयोग से नाबालिग बाबा गौतम सकुशल अपने घर पहुंचा

 भदोही, 2 अगस्त। भदोही जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित छेड़ीबीर गांव का दो दिनों से लापता 10 वर्षीय बालक बाबा गौतम पुत्र अमित गौतम आखिरकार जनपद इटावा के सैफई में सकुशल मिल गया। बदायूं के सांसद आदित्य यादव के सहयोग और स्थानीय लोगों की तत्परता से बालक सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच सका।


जानकारी के अनुसार, बाबा गौतम 31 जुलाई को किसी बात से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। भटकते-भटकते वह सैफई पहुंच गया। वहां अकेले और परेशान हालत में घूम रहे बच्चे पर स्थानीय बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी एवं ठेकेदार अनिल यादव की नजर पड़ी। उन्होंने बच्चे को अपने पास बुलाया, भोजन कराया और बातचीत के दौरान उसका नाम व पता जानने का प्रयास किया। बच्चे ने स्वयं को भदोही का निवासी बताया।इसके बाद अनिल यादव ने बच्चे के परिजनों का पता लगाने के लिए बदायूं के सांसद आदित्य यादव से संपर्क किया। सांसद के सहयोग से समाजवादी पार्टी के भदोही जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव का संपर्क मिला। जिलाध्यक्ष ने बच्चे से बात कर उसका गांव और परिवार की जानकारी ली तथा पूर्व सभासद एवं बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मो. दानिश सिद्दीकी को सूचना दी।


मो. दानिश सिद्दीकी ने छेड़ीबीर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रईसू खान से संपर्क कर बच्चे के परिजनों का पता लगवाया। कुछ ही देर में परिवार तक सूचना पहुंच गई। बेटे के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चे की उसकी मां से बात कराई गई, जिसके बाद पिता अमित गौतम तत्काल सैफई के लिए रवाना हो गए।शनिवार सुबह अमित गौतम सैफई पहुंचे और अपने बेटे को सकुशल अपने साथ लेकर भदोही के लिए रवाना हो गए। सांसद आदित्य यादव के सहयोग से नाबालिग बाबा गौतम सुरक्षित अपने घर पहुंच गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।बच्चे के पिता अमित गौतम ने सांसद आदित्य यादव, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, समाजसेवी अनिल यादव, पूर्व सभासद मो. दानिश सिद्दीकी तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से दो दिनों से लापता बच्चा सकुशल अपने परिवार तक पहुंच सका।






एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes