मुख्यमंत्री के भदोही आगमन के दौरान विरोध दर्ज कराने पर कांग्रेसजनों को पुलिस ने लिया हिरासत में, कोतवाली पहुंचकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की मुलाकात।
भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भदोही आगमन के दौरान छात्रसंघ की बहाली और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर भदोही कोतवाली पहुंचाया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी/एसटी विभाग के प्रदेश सचिव उपेंद्र कुमार भारती समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और हिरासत में लिए गए कांग्रेसजनों से मुलाकात की।
हिरासत में लिए गए लोगों में एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष शक्ति मिश्रा, भदोही नगर अध्यक्ष सरफराज अहमद, एनएसयूआई जिला सचिव प्रभारी विशाल गौतम, सुरियावां ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश चौहान, ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश पाल, धीरज पाल सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे। कोतवाली में बातचीत के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शक्ति मिश्रा ने कहा कि छात्रसंघ छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज और उनके अधिकारों को उठाने का महत्वपूर्ण मंच है। लंबे समय से छात्रसंघ की बहाली की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की इस मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को छात्रों की मांग को गंभीरता से लेते हुए छात्रसंघ बहाली की दिशा में सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
एनएसयूआई जिला सचिव प्रभारी विशाल गौतम ने कहा कि छात्रसंघ की बहाली सिर्फ छात्रों की मांग नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं और मांगों पर सरकार को संवाद एवं सकारात्मक पहल का रास्ता अपनाना चाहिए।
नौवापुर में ट्रांसफार्मर की समस्या का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने छात्रसंघ बहाली के साथ ही क्षेत्र की स्थानीय जनसमस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का प्रयास किया। सुरियावां ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश चौहान, नगर अध्यक्ष सरफराज अहमद और ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश पाल ने बताया कि क्षेत्र के नौवापुर गांव में पिछले करीब एक वर्ष से विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार गांव में 40 से अधिक विद्युत कनेक्शन हैं, जबकि वर्तमान में मात्र 16 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। अधिक भार के कारण ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके अलावा धरना-प्रदर्शन और विभिन्न माध्यमों से भी अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि इसी जनसमस्या को सरकार और प्रशासन के संज्ञान में लाने तथा मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए उनके आगमन के दौरान अपना विरोध दर्ज कराया गया।
‘जनहित के मुद्दों को दबाने से समस्या खत्म नहीं होगी’
जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कोतवाली पहुंचकर हिरासत में लिए गए कांग्रेसजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ की बहाली तथा क्षेत्र की स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से जनहित से जुड़े मुद्दे समाप्त नहीं होंगे। कांग्रेस इन समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाती रहेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी/एसटी विभाग के प्रदेश सचिव उपेंद्र कुमार भारती और जिला उपाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ बिंद ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों और जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी आगे भी अपनी बात मजबूती से रखती रहेगी।
गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद जिला उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल, मसूद आलम, त्रिलोकी नाथ बिंद, सुबुकतंगीन अंसारी, शमशीर अहमद, रामू गौतम, संदीप गौतम सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता भी भदोही कोतवाली पहुंचे। नेताओं ने हिरासत में लिए गए कांग्रेसजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनसमस्याओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाना विपक्षी दलों और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ बहाली तथा नौवापुर की विद्युत समस्या समेत स्थानीय जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।



