सम्वाददाता फारूक जाफरी
भदोही। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने वसीम अंसारी को भदोही जिला कांग्रेस कमेटी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वसीम अंसारी, जो मूल रूप से इंदिरा नगर, सुरियावां के निवासी हैं, लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और यूथ कांग्रेस से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।
इससे पहले, बीते चार वर्षों से कांग्रेस की जिला कमान राजेन्द्र दुबे ‘राजन’ के पास थी। वसीम अंसारी 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। उनके पास संगठनात्मक अनुभव की एक लंबी सूची है। वे 2009 में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रहे, 2011 और 2014 में युवा कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष बनाए गए, 2016 में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी निभाई, और 2020 से 2023 तक कांग्रेस के प्रदेश सचिव के रूप में कार्य किया।
पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और मेहनत को देखते हुए समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती रही हैं। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, और वे संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कार्य करने की बात कह रहे हैं।
