भदोही, 17 अप्रैल 2025 | संवाददाता – फारूक जाफरी
भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इंडिया कार्पेट एक्सपो का 48वां संस्करण 14 अप्रैल से 17 अप्रैल 2025 तक भदोही स्थित कार्पेट एक्सपो मार्ट में आयोजित हुआ। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन भारत सरकार के माननीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने किया, उनके साथ श्रीमती अमृत राज, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) भी गरिमामयी उपस्थिति में रहीं।
एक्सपो के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री के.पी. मलिक, तथा भारत सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशक श्री संतोष सारंगी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का दौरा किया और प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की।
सीईपीसी के अध्यक्ष श्री कुलदीप राज वट्टल ने जानकारी दी कि इस वर्ष 45 देशों से 220 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों व 130 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। खरीदारों ने भारतीय हस्तनिर्मित कालीनों की विविधता, डिज़ाइन और गुणवत्ता की जमकर तारीफ़ की और इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बताया।
इस मौके पर डोमोटेक्स इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में भारतीय भागीदारी पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। श्री थिलो होर्स्टमैन (ड्यूश मेस्से एजी, हनोवर) और सुश्री गीता बिष्ट (सीईओ, हनोवर मिलानो फेयर इंडिया) ने आयोजन स्थल पर विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।
सीईपीसी ने इस बार 159 प्रतिष्ठित निर्माता-निर्यातकों को एक ही मंच पर स्थान दिया। खरीदारों को भारतीय कालीन शिल्पकारों की अद्वितीय बुनाई कौशल से परिचित कराने के उद्देश्य से इस आयोजन को सांस्कृतिक महत्त्व से भी जोड़ा गया।
कार्यक्रम के अंत में परिषद के अध्यक्ष श्री वट्टल व अन्य प्रशासनिक सदस्यों – अनिल कुमार सिंह, असलम महबूब, दीपक खन्ना, हुसैन जाफर हुसैनी, पीयूष कुमार बरनवाल, रवि पटोदिया, शौकत खान समेत तमाम पदाधिकारियों ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, मिशनों, और सभी सहयोगी विभागों का आभार प्रकट किया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिषद भविष्य में भी इस आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, और सभी सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। अंत में, उन्होंने सीईपीसी टीम को इस आयोजन की सफलता में दिए गए अथक योगदान के लिए धन्यवाद कहा।



