सम्वाददाता फारूक जाफरी की रिपोर्ट
भारत मंडपम, नई दिल्ली | 15 अप्रैल 2025
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (CEPC) द्वारा आयोजित 48वें इंडिया कार्पेट एक्सपो को दूसरे दिन तक जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया मिली। अब तक 195 विदेशी खरीदारों और 125 प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। इस बार के एक्सपो में ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, जापान, यूएसए जैसे देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
14 अप्रैल 2025 को मेले का उद्घाटन भारत सरकार के कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अमृत राज (IAS), विकास आयुक्त हस्तशिल्प उपस्थित रहीं।
15 अप्रैल को, मेले में राज्यसभा सांसद श्री अरुण कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान (MSME एवं वस्त्र मंत्रालय) और श्रम मंत्री श्री अनिल राजभर ने दौरा किया और मेले की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
सीईपीसी अध्यक्ष श्री कुलदीप राज वट्टल ने बताया कि विदेशी खरीदारों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और यह मेला भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग को वैश्विक मंच देने में सफल हो रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 20 लाख कारीगरों और श्रमिकों, खासकर महिलाओं को रोज़गार से जोड़ना है।
मेले में शामिल प्रशासनिक समिति सदस्यों में अनिल कुमार सिंह, वासिफ अंसारी, असलम महबूब, पियूष बरनवाल, डॉ. स्मिता नागरकोटी आदि शामिल हैं। सभी ने एक्सपो की सफलता पर संतोष जताया।
अध्यक्ष श्री वट्टल ने आशा जताई कि यह मेला निर्यातकों के लिए नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोलेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की स्थिति को और मजबूत करेगा।





