Type Here to Get Search Results !

Bhadohi News: सांस की मौत से तनाव में थी बहू, उठाया खौफनाक कदम, तालाब में लगाई छलांग

भदोही:-  जद्दोपुर गांव में हृदय विदारक हादसा सामने आया। तीन मासूमों के साथ महिला ने तालाब में छलांग लगा दी। घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। एक बच्चे का शव बरामद हो गया है और बाकी की तलाश जारी है।


जनपद के दुर्गागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जद्दोपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की रहने वाली अन्नू देवी (35) अपने तीन मासूम बच्चों के साथ तालाब में कूद गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है।

फिलहाल केवल एक बच्चे का शव उतराया मिला है। पुलिस और गोताखोरों की टीम जाल लगाकर अन्य की तलाश कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण तालाब के पास जमा हो गए। अन्नू देवी अपने परिवार के साथ मुंबई रहती है।


कुछ दिन पहले वह अपने सास चमेलिया देवी की तेरहवीं में शामिल होने के लिए घर आई थी। बताया जा रहा है कि सास की मौत के बाद से ही अन्नू गहरे सदमे में थीं। परिजन बताते हैं कि वह अक्सर रोते हुए कहती थीं, अब किसके सहारे जियूंगी? बृहस्पतिवार की सुबह वह अपने तीन बच्चे बेटी दीक्षा (8), बेटे सूर्यांश (6) और दिव्यांश (3) के साथ गांव के तालाब पर पहुंची और छलांग लगा दी।

सुबह होने पर दिव्यांश का शव तालाब में उतराया मिला। जिसके बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की तलाश में जुट गई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों में इस बात की चर्चा है कि पारिवारिक तनाव या मानसिक अवसाद इस घटना की वजह हो सकता है, पर अभी तक किसी ठोस कारण की पुष्टि नहीं हुई है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes