सम्वाददाता विशाल शर्मा की रिपोर्ट
भदोही। जिले के गोपीगंज स्थित खेल मैदान में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों और पूर्व फौजी विनोद सिंह ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों ने खेल सामग्री और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की।
73 बालिकाएं और 50 बालकों को मिल रहा नि:शुल्क प्रशिक्षण
खेल मैदान में 73 बालिकाएं और 50 बालक नियमित रूप से विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। पूर्व फौजी विनोद सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में दी गई खेल सामग्री के सहयोग से भदोही की टीम उत्तर प्रदेश फुटबॉल चैंपियन बनी थी। इससे जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्वीकृति
विनोद सिंह ने बताया कि भदोही पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले ही खेल मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्वीकृति दी जा चुकी है। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए इन कैमरों का लगाया जाना बेहद आवश्यक है।
निजी खर्च से कर रहे खिलाड़ियों की मदद
पूर्व फौजी ने कहा कि वह अपने निजी खर्च से खिलाड़ियों की सहायता कर रहे हैं ताकि उनकी खेल प्रतिभा निखर सके। उन्होंने शासन-प्रशासन से अनुरोध किया कि खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे वे भविष्य में देश का नेतृत्व कर सकें।
भविष्य के सितारे तैयार कर रहा गोपीगंज खेल मैदान
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन से जिले के प्रतिभावान युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भदोही का नाम रोशन कर सकते हैं। ज्ञापन सौंपते समय खेल मैदान के सभी प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे और उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की अपील की।

