Type Here to Get Search Results !

भदोही में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बताया मानसिक रूप से बीमार



भदोही, उत्तर प्रदेश —

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भदोही दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव की आंखें खराब हो गई हैं, उन्हें चश्मा लगवाना चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने अखिलेश यादव को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए इलाज कराने की सलाह भी दी।



डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव आजकल बिना तथ्य के बयानबाज़ी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा और प्रदेश से उन्हें हमेशा के लिए विदा कर दिया जाएगा।

2027 में बीजेपी की होगी प्रचंड जीत - केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर 300 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और अखिलेश यादव के झूठ का पर्दाफाश हो चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जो थोड़ी सफलता मिली थी, वह अब बीते दिनों की बात हो गई है। उपचुनावों ने साबित कर दिया है कि जनता का भरोसा अब पूरी तरह बीजेपी पर है।

आतंकवाद पर सख्त रुख

पहल्गाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश इस हमले का बदला चाहता है। उन्होंने कहा कि इस बार सर्जिकल स्ट्राइक से भी बड़ा हमला होगा, जिसके लिए हमारी सेना पूरी तरह तैयार है।
डिप्टी सीएम ने आतंकियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर उनके अंदर हिम्मत होती तो वे मासूम पर्यटकों पर हमला न करते, बल्कि भारतीय सेना से सीधा मुकाबला करते।

समाजवादी पार्टी को बताया 'समाप्तवादी पार्टी'

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी अब गुंडों, माफियाओं और दंगाइयों की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावों में जनता इस पार्टी को समाप्त कर देगी और प्रदेश को एक बार फिर शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएगी।


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes