सम्वाददाता फारूक जाफरी की रिपोर्ट
भदोही, 10 मई — "एक राष्ट्र, एक चुनाव" जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आज भदोही विधानसभा क्षेत्र के दरोपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक दीपक मिश्रा ने किया, जिसमें जिलेभर से प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव रहे। उन्होंने कहा कि "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की व्यवस्था से न केवल जनता को बार-बार चुनाव की परेशानी से राहत मिलेगी, बल्कि सरकार को भी विकास कार्यों में स्थिरता मिलेगी। उन्होंने आगे कहा, "विपक्षी दलों में इस मुद्दे को लेकर खलबली मची है। सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों की राजनीति इससे प्रभावित होगी। यह आने वाले समय में जन-जन की आवाज बनेगा।
कार्यक्रम के संयोजक अशोक जायसवाल और जिले के समन्वयक गोवर्धन राय ने आयोजन की व्यवस्था को सफलतापूर्वक संपन्न किया। संचालन का कार्य भी प्रभावशाली रहा, जिससे विषयवस्तु को लोगों तक स्पष्ट रूप में पहुँचाया जा सका।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, पूर्व मंत्री मदनलाल बिंद, अजय दुबे, सत्यसिल गुप्ता, लालता प्रसाद सोनकर, राजू मोदनवाल, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, मिथुन राय, रवि चौरसिया, उत्तम दुबे समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एकमत से यह विचार सामने आया कि देश की राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता के लिए "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की नीति अत्यंत आवश्यक है, और जनता इसके समर्थन में है।



