औराई (भदोही)। भारतीय लोकतंत्र को अधिक सशक्त और कुशल बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत रविवार को औराई के ब्लॉक सभागार में "एक राष्ट्र, एक चुनाव" विषय पर जिला स्तरीय प्रबुद्ध संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर उपस्थित रहे। संगोष्ठी का संचालन भरत राज सिंह ने किया।
अपने संबोधन में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की अवधारणा से न सिर्फ समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि विकास कार्यों की निरंतरता भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव कराने में प्रशासनिक खर्च और संसाधनों की भारी बर्बादी होती है। एक साथ चुनाव से न केवल खर्च में कमी आएगी, बल्कि सुरक्षा बल, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी बार-बार चुनाव ड्यूटी से मुक्त होंगे।
जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी ने कहा कि बार-बार लगने वाली आदर्श आचार संहिता विकास योजनाओं में बाधा बनती है। एक साथ चुनाव होने से यह समस्या दूर हो सकेगी। जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि इस प्रणाली से राजनीतिक अस्थिरता में कमी आएगी, जिससे नीति निर्माण में स्थिरता और दीर्घकालिक सोच को बल मिलेगा।
इस अवसर पर सांसद डॉ. विनोद बिन्द ने कहा कि एक साथ चुनाव से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ेगी और मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी, जिससे लोकतंत्र और सशक्त होगा। जिला समन्वयक गोवर्धन राय ने इसे देश की आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक कदम बताया।
कार्यक्रम में हौसला प्रसाद पाठक, अभय राज सिंह, विकास मिश्रा, मदन लाल बिंद, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष वाराणसी दीपक तिवारी, मनीष पांडे, स्नेहलता श्रीवास्तव, मनीष पटेल, साधु तिवारी, राजेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



