वाराणसी, 11 मई 2025 — वाराणसी के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एंग्लो ओरिएंटल मुस्लिम इंटर कॉलेज, लल्लापुरा की प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद के लिए वहीदुल्ला खां सईदी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।
ऑल इंडिया टीचर्स एसोसिएशन मदारिसे अरबिया के महामंत्री वहीदुल्ला खां सईदी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था, लेकिन उनके सामने कोई और प्रत्याशी नहीं होने के कारण उन्हें चुनाव से पूर्व ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उनकी इस जीत पर शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है। शिक्षक वर्ग, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
अन्य पदों के लिए चुनाव आज
प्रबंध समिति के अन्य पदों — उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष आदि के लिए मतदान रविवार, 12 मई को एंग्लो ओरिएंटल मुस्लिम इंटर कॉलेज, लल्लापुरा में संपन्न होगा।मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी अधिवक्ता एखलाक अहमद और मुमताज़ अहमद द्वारा की जाएगी।
कार्यकाल समाप्ति के बाद हो रहा है चुनाव
प्रबंध समिति का पूर्ववर्ती कार्यकाल 29 सितंबर 2024 को समाप्त हो चुका था। इसी को ध्यान में रखते हुए 13 अप्रैल 2025 को आयोजित बैठक में 11 मई को चुनाव कराने का निर्णय लिया गया था। कॉलेज प्रशासन को आशा है कि नए अध्यक्ष वहीदुल्ला खां सईदी के नेतृत्व में कॉलेज की शैक्षणिक और प्रबंधकीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।


