भदोही। जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र स्थित जंगीगंज बाजार में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक चालक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। चालक द्वारा हाईवे की एक लेन के बीचोबीच ट्रक खड़ा कर टावर पर चढ़ने से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ा चालक सुरेन्द्र पांडेय सुल्तानपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है, जिसकी ससुराल भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के नगरदह गांव में है। बताया जा रहा है कि चालक कथित मारपीट और लूटपाट की घटना से आक्रोशित होकर विरोध स्वरूप मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी चालक को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।मोबाइल टावर पर व्यक्ति के चढ़ने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था बाधित रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।


