Type Here to Get Search Results !

लव-कुश जन्मस्थली का विकास किए बिना अयोध्या का विकास अधूरा : डॉ. रामेश्वर सिंह।

भदोही संवाददाता 

(भदोही)। सीता समाहित स्थल पर आयोजित अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला के अंतर्गत लव-कुश जन्मोत्सव समारोह श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अमर शहीद ठाकुर झूरी सिंह के प्रपौत्र एवं समाजसेवी डॉ. रामेश्वर सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर राष्ट्रीय रामायण मेला समिति के अध्यक्ष मुन्ना लाल पाण्डेय, दुर्गेश तिवारी तथा माता सीता समाहित संस्कृति धरोहर कलाकार ग्रुप के कलाकारों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रामेश्वर सिंह ने कहा कि सीता समाहित स्थल, जिसे लव-कुश की जन्मस्थली के रूप में आस्था और श्रद्धा का केंद्र माना जाता है, उसका विकास अयोध्या की तर्ज पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह स्थल भारतीय संस्कृति, रामायण परंपरा और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन अभी तक इसे वह पहचान और सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं, जिसकी यह वास्तविक हकदार है।

उन्होंने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि अयोध्या और सीता समाहित स्थल को एक धार्मिक कॉरिडोर के माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दोनों पवित्र स्थलों के दर्शन का लाभ एक ही धार्मिक परिपथ में मिल सके। उन्होंने कहा कि "लव-कुश जन्मस्थली के समुचित विकास के बिना अयोध्या का विकास अधूरा है।" सरकार को इस ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहर के संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान रामायण से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता तथा लव-कुश के जीवन प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। इस अवसर पर माता सीता समाहित संस्कृति धरोहर कलाकार ग्रुप के सदस्य रमेश भवरा, विष्णु यादव, अजय दूबे, दीनानाथ हंसमुख, राजेंद्र, रागिनी, सोनी, विनय, रवी किशन, नीलू, समर सहित लव-कुश मूर्ति स्थापना समिति के अध्यक्ष बड़े बहादुर सिंह तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes