Type Here to Get Search Results !

सरकार के खिलाफ प्रस्तावित धरने से पहले बहरिया में सपा नेताओं पर कार्रवाई।

ब्यूरो चीफ प्रयागराज सरस सिंह।

बहरिया /प्रयागराज। समाजवादी पार्टी द्वारा सरकार की नीतियों के विरोध में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले बृहस्पतिवार को प्रयागराज के बहरिया क्षेत्र में पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई सपा नेताओं को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। यह कार्रवाई सराय पट्टी करनाईपुर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले की गई, जिससे क्षेत्र में पूरे दिन राजनीतिक हलचल बनी रही।

जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी के नेता सराय पट्टी करनाईपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

बहरिया थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के आवास पहुंचे और उन्हें बाहर निकलकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने से रोक दिया। इसी दौरान क्षेत्र के अन्य कई सपा नेताओं को भी उनके घरों पर ही रोक दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के चलते प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही प्रभावी रूप से रोक दिया गया।


हाउस अरेस्ट किए गए सपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार भी सरकार छीन रही है। उनका कहना था कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें घरों में ही नजरबंद कर दिया।

सपा नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, महंगाई से आम जनता परेशान है, किसान अपनी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक ढंग से विरोध दर्ज कराना चाहती थी।

वहीं, बहरिया थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन या जुलूस आयोजित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes