Type Here to Get Search Results !

जेल भेज दीजिए, लेकिन सत्ता के दबाव में आवाज नहीं दबेगी...' भदोही में मंत्री के सामने भाजपा नेताओं पर अपशब्द कहने का आरोप लगाकर बिना बैठक में शामिल हुए लौटे सपा विधायक जाहिद बेग, बोले, हमें जान का खतरा!*

भदोही, उत्तर प्रदेश: कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक से पहले राजनीतिक टकराव देखने को मिला। डीएम कार्यालय के गेस्ट रूम में समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग और भाजपा पदाधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद सपा विधायक जाहिद बेग नाराज होकर बिना बैठक में शामिल हुए वापस लौट गए।

बाहर मीडिया से बातचीत में विधायक ने भाजपा नेताओं पर दुर्व्यवहार और अपशब्द कहने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब उनके साथ यह घटना हुई, उस समय प्रभारी मंत्री एके शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते बैठक में शामिल होने के लिए उन्हें बुलाया गया था।बताया जा रहा है कि छात्रों के प्रदर्शन और भाजपा नेता से अभद्रता के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर सपा विधायक ने हाल ही में बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भाजपा नेताओं को 'गुंडा' कहा था। इस बात से भाजपा पदाधिकारी नाराज थे।बैठक से बाहर निकलने के बाद जाहिद बेग भाजपा पर जमकर बरसे। विधायक ने कहा कि उन्होंने भाजपा नेताओं को नहीं, बल्कि छात्रों के घर जाने वाले कुछ लोगों को गुंडा कहा था। विधायक ने अपशब्द कहने वाले नेताओं से जान का खतरा बताया है।



उन्होंने कहा, "सत्ता के दबाव में हमारी आवाज बंद नहीं कर पाएंगे। मैं भले यहां अकेला हूं, लेकिन समाजवादी की आवाज दबाई नहीं जा सकती। चाहे जेल भेज दीजिए या हमारा घर गिरा दीजिए, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।"


उन्होंने आगे कहा कि छात्रों पर दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मांग पहले भी उठाई थी और आगे भी उठाते रहेंगे।


विधायक का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उनसे कहा कि छात्रों के मामले से उनका क्या लेना-देना है। उन्होंने कहा कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और छात्रों व आमजन की आवाज लगातार उठाते रहेंगे। वहीं, घटना के बाद कुछ देर तक बैठक स्थल पर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes