लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश ने संगठन विस्तार के तहत भदोही जनपद के दो नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने प्रदेश महासचिव कमल तिवारी और धनंजय दुबे को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ता नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।
![]() |
| कमल तिवारी-धनंजय दुबे बने प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट |
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी की संस्तुति तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरुण भारती और राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार (मुन्ना) के अनुमोदन के बाद प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ताओं का मनोनयन किया गया।इस क्रम में भदोही जिले के कमल तिवारी, जो वर्तमान में पार्टी के प्रदेश महासचिव हैं, को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं धनंजय दुबे को भी प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
कमल तिवारी और धनंजय दुबे के मनोनयन पर भदोही जनपद के पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।नवनियुक्त प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ता कमल तिवारी ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार (मुन्ना) और प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की विचारधारा, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मीडिया एवं आम जनता के बीच प्रभावी तरीके से रखने के साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा पार्टी ने जितेंद्र तिवारी, अमरेश पाठक, विकास पाण्डेय, अभिनव श्रीवास्तव, हरिकेश पासवान, जितेंद्र पासी और अग्नि पासवान को भी प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट/प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है।
कमल तिवारी और धनंजय दुबे की नियुक्ति को लेकर भदोही जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी नेताओं का मानना है कि अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मीडिया की जिम्मेदारी मिलने से संगठन की बातों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।




