ब्यूरो रिपोर्ट सरस सिंह।
प्रयागराज। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को हंडिया क्षेत्र के ग्राम सभा धनुपुर, बनपुरवा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दो सगे भाइयों की हत्या से प्रभावित परिवार से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली। परिवार ने आरोप लगाया कि विगत 20 दिनों के भीतर सुशील कुमार गौतम और संतोष कुमार गौतम की निर्मम हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि यह पूरा मामला जमीन पर जबरन कब्जा, लगातार धमकाने और जान से मारने की धमकी से जुड़ा हुआ है। परिवार ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों तथा हंडिया से जुड़े एक विधायक की भूमिका है। वहीं पीड़ित परिवार की माता ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 1995 में उनके पति की भी हत्या कर दी गई थी।
सांसद अरुण भारती ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा और न्याय की मांग की।
अरुण भारती ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना, पूर्वांचल (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी, प्रदेश महासचिव कमल तिवारी, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय, विकास पांडेय, धनंजय दुबे, प्रयागराज के जिलाध्यक्ष विनय कुशवाहा, पूर्वांचल युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिवम मिश्रा, आशुतोष सिंह गहरवार, भदोही के जिलाध्यक्ष विकास दुबे, प्रशांत श्रीवास्तव, आशीष पटेल, अवनीश तिवारी, विजय राय, गोविंद पासवान, विजय पासी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


