ब्यूरो रिपोर्ट सरस सिंह।
भदोही। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) भदोही के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों ने अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देकर पूरे विश्व को भारत की ताकत का एहसास कराया था। उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही आज देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 26 जुलाई भारत के इतिहास का वह गौरवशाली दिन है, जब भारतीय सेना ने दुर्गम पहाड़ियों पर दुश्मनों को परास्त कर तिरंगे की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, वीरता और त्याग का प्रतीक है।
सुनील सिंह पटेल ने कहा कि शहीद सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते। ऐसे वीर सपूतों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
रालोद जिलाध्यक्ष ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें शहीदों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल सीमाओं पर लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने कर्तव्यों का पालन करना भी सच्ची देशसेवा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कारगिल के वीर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को सदैव स्मरण रखें और उनके परिवारों के सम्मान एवं सहयोग के लिए समाज आगे आए। अंत में उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश की सुरक्षा में तैनात सभी सैनिकों के साहस, समर्पण और सेवा भावना को सलाम किया।

