ज्ञानपुर, भदोही | 11 जुलाई 2026
जनपद भदोही में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर सभागार में “Zero-Fatality District (ZFD)” अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल भी मौजूद रहे।बैठक में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, गोपीगंज, औराई एवं भदोही थाना प्रभारी सहित यातायात विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने गोपीगंज, औराई तथा भदोही थानों में गठित Crash Case (CC) टीमों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां तत्काल प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन चालान की कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध अतिक्रमण, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि कानून का पालन कराने के साथ-साथ आम जनता को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए ताकि दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इस दौरान एक विशेष पहल के तहत यातायात पुलिस के कर्मचारियों को हेलमेट वितरित किए गए। अधिकारियों का मानना है कि जब पुलिसकर्मी स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तो आमजन में भी सकारात्मक संदेश जाएगा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि “Zero-Fatality District का लक्ष्य तभी हासिल होगा जब सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, तत्परता और टीम भावना के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे। जनपद की प्रत्येक सड़क को सुरक्षित बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
भदोही पुलिस द्वारा चलाया जा रहा Zero-Fatality District अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग और प्रभावी यातायात प्रबंधन के माध्यम से जिले में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।



