रामलीला देखने गया था मासूम, मौत से परिजनों में मचा कोहराम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बहरिया, प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में 11 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। वहीं मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, मंसूरपुर गांव निवासी पूर्णमासी लाल का 11 वर्षीय पुत्र राम सुख बीती रात रामलीला देखने गया था। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। बालक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बताया जाता है कि राम सुख परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसके एक भाई की करीब चार वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई संजय दूसरे प्रांत में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता है। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। मृतक की मां सोना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता पूर्णमासी लाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण : थानाध्यक्ष मानवेन्द्र कुमार सिंह
इस संबंध में बहरिया थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि मंसूरपुर गांव में 11 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।



