थानाध्यक्ष मानवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी महिला को दबोचा।
प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में मां-बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां पर अपने ही 11 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। मामले में बहरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सोना देवी (40 वर्ष) पत्नी पूर्णमासी लाल मौर्या, निवासी ग्राम मंसूरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त साड़ी का लेस और एक चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात 11 वर्षीय बालक सरायसुल्तान में रामलीला देखकर देर से घर लौटा था। इस बात को लेकर मां ने उसे डांटा, जिसके बाद बालक दूसरी चौकी पर जाकर सो गया। आरोप है कि रोज-रोज के पारिवारिक क्लेश से परेशान होकर मां ने सोते समय बेटे के गले में अपनी साड़ी का लेस फंसाकर उसका गला घोंट दिया। इस दौरान बच्चे की तड़पने की आवाज सुनकर उसकी बहन संगीता जाग गई। आरोप है कि मां ने बेटी को भी जान से मारने की धमकी दी। बाद में बेटी ने अपने पिता पूर्णमासी को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर बहरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 172/26, धारा 103(1)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मानवेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त साड़ी का लेस और चाकू बरामद किया। थानाध्यक्ष के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से मामले के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मानवेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मारुति नन्दन तिवारी सहित महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे।

