Type Here to Get Search Results !

रंगों में सराबोर भदोही: सद्भाव और उमंग के संग मनी होली

 



संवाददाता  गुफरान खान / जिला भदोही 

भदोही। आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने वाला होली पर्व शुक्रवार को पूरे जनपद में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही रंगों और अबीर-गुलाल की बौछारों से सड़कों और गलियों में उल्लास का माहौल बन गया। कालीन नगरी भदोही में हर तरफ बसंत के रंग नजर आ रहे थे। तीखी धूप भी इस उल्लास को फीका नहीं कर सकी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंगों में सराबोर नजर आए।

होली की शुरुआत घरों से हुई, जहां सुबह से ही बच्चों और युवाओं की टोली रंग, अबीर और गुलाल लेकर सड़कों पर निकल पड़ी। गली-गली ढोल और संगीत की धुन पर झूमते हुए लोगों ने होली का आनंद लिया। महिलाओं ने भी पूरे जोश और उल्लास के साथ एक-दूसरे को रंग लगाकर इस पावन पर्व की बधाई दी।

शाम होते ही लोगों ने नए कपड़े पहने और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। गुझिया, खुरमा, नमकीन और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया गया। वहीं, भांग संग ठंडई का दौर भी खूब चला, जिससे होली का रंग और भी गहरा हो गया।

हालांकि, कुछ सड़क दुर्घटनाओं को छोड़ दें तो जनपद में होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसपी अभिमन्यु मांगलिक और एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह के नेतृत्व में पूरे जिले में पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम, सीओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी दिनभर शहर में चक्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

शहर के प्रमुख बाजारों और इलाकों में होली का खासा उत्साह देखने को मिला। भदोही शहर, नईबाजार, औराई, गोपीगंज, सुरियावां, घोसिया, खमरिया, मोढ़, जंगीगंज, ऊंज, अभोली, महराजगंज, दुगागंज, महजूदा, सीतामढ़ी समेत पूरे जनपद में लोगों ने होली के रंगों में सराबोर होकर पर्व को शानदार तरीके से मनाया।

भदोही के कालीन उद्योग से जुड़े व्यापारी और उद्योगपति भी होली के रंग में डूबे नजर आए। काका कारपेट के निदेशक यादवेंद्र राय काका ने अपने परिवार संग रंगों की होली खेली। उनके साथ कारोबारियों और समाजसेवियों ने भी इस पर्व का आनंद लिया।

रंग-बिरंगे चेहरों को देखकर यह साफ झलक रहा था कि होली न केवल रंगों का त्योहार है, बल्कि यह आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक भी है। रंगों से सजे चेहरे, अबीर-गुलाल की उड़ती खुशबू और ठंडई के साथ गूंजते गीत-संगीत ने पूरे भदोही को उमंग और उल्लास से भर दिया।

जनपदवासियों ने न केवल होली का भरपूर आनंद लिया, बल्कि इसे आपसी सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाकर "अनेकता में एकता" का अद्भुत उदाहरण भी पेश किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes