Type Here to Get Search Results !

लोक विधाएं हमारी संस्कृति की पहचान, इन्हें बचाना हम सबकी जिम्मेदारी : संतोष पांडेय

ब्यूरो रिपोर्ट सरस सिंह 

भदोही/परऊपुर। उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं और विलुप्त होती लोक कलाओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश तथा जगदंबे न्यू बाल शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जेएनवीएस कॉन्वेंट स्कूल, परऊपुर में 'सृजन कार्यक्रम' के अंतर्गत लोक गायन कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को लोक विधाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में श्री सरगम सेवा ग्रुप के प्रशिक्षक घनश्याम शुक्ला ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से परिचित कराया। उन्होंने विभिन्न पारंपरिक लोक विधाओं का गायन करते हुए बताया कि आधुनिकता की दौड़ में अनेक लोक कलाएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं, जिन्हें बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को लोक गायन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्य संतोष पांडेय ने कहा कि "लोक विधाएं हमारी संस्कृति की पहचान हैं। इन्हें जीवित रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। यदि नई पीढ़ी अपनी लोक संस्कृति से जुड़ती है, तभी हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सकेगी।" उन्होंने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य और लोक परंपराएं हमारी सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

विशिष्ट अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि लोक संस्कृति समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता विकसित होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद झूरी सिंह के प्रपौत्र डॉ. रामेश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन युवा नेता विनय कुमार पांडे 'गोरेलाल' ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक राजेश पाठक, लवकुश दुबे, संतोष पांडेय, राम सिंह, राघवेंद्र सिंह, दिव्या पाठक, खुशी, आकृति सिंह, पूनम पाठक, मुस्कान बानो, खुशी पांडेय, पलक दुबे, विद्या पाठक, आकृति पाठक, तराना बानो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#codes